सीएम पद की चाह में चौ. देवीलाल के शोरूम को बना दिया खोखा
![]() |
मनोज राठी, आप नेता |
विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मनोज राठी ने कहा कि हरियाणा की तरह जजपा राजस्थान में डिप्टी सीएम का पद प्राप्त करना चाहती थी लेकिन वहां की जनता ने इन्हें दिखा दिया कि जो अपने प्रदेश व परिवार का नहीं हो सकता, वह किसी दूसरे प्रदेश का कैसे हो सकता है। जजपा की हालत अब ऐसी हो गई है वह प्रदेश की जनता को जवाब देने की हालत में भी नहीं है। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने इनेलो के रूप में बड़ा शोरूम स्थापित किया था, लेकिन आगे चलकर यह शोरूम दुकान के रूप में बदल गया और अब इनेलो व जजपा के रूप में दो खोखे बन गए हैं, जिनसे जनता को कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि जजपा के नेता बहुत ज्यादा महत्वाकांक्षी है और इसी के चलते जजपा के लोग हरियाणा में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़कर सत्ता के लिए भाजपा की गोद में बैठ गए और किसानों पर अत्याचार करवाया, जिसे हरियाणा के किसान भूल नहीं पाएंगे।
मनोज राठी ने कहा कि जजपा का राजस्थान चुनाव में जाना केवल एक बहाना था और ये भाजपा के इशारे पर वहां के जाट नेता हनुमान बैनीवाल को राजनीतिक नुकसान पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ने गए थे। वरना ऐसे कैसे हो सकता है कि भाजपा का एक सहयोगी दल उसके साथ हरियाणा में सत्ता का भागीदार हो और राजस्थान में उसके खिलाफ चुनाव लड़े। यह सब भाजपा के इशारे पर खेला गया खेल था। इस खेल में भाजपा ने भले ही राजस्थान में बहुमत हासिल कर लिया हो लेकिन जजपा की चाबी को भी जंग लग गया है। अब इनकी चाबी न तो राजस्थान में काम करेगी और न ही हरियाणा में। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरियाणा की जनता भी इन्हें राजस्थान की तरह धूल चटा देगी।
Share this content:
Discover more from Latest Haryana News - हरियाणा के ताजा समाचार
Subscribe to get the latest posts sent to your email.